सक्ती । CG NEWS: सक्ती पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की पतासाजी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल सक्ती ने तकनीकी सहायता से करीब 20 लाख रुपये कीमत के 100 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिन्हें उनके वास्तविक धारकों को वापस किया गया।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं साइबर नोडल अधिकारी पंकज पटेल के नेतृत्व में साइबर सेल द्वारा जिले के साथ-साथ अन्य जिलों और राज्यों में गुम हुए मोबाइल की तलाश की गई। जनवरी 2026 से अब तक सक्ती पुलिस कुल 240 गुम मोबाइल बरामद कर चुकी है, जिनकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है।
इससे पहले 140 मोबाइल उनके धारकों को लौटाए जा चुके हैं और अब 100 मोबाइल वापस किए गए हैं। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने सक्ती पुलिस एवं साइबर सेल का आभार जताया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाना में सूचना दें। भीड़भाड़ वाले स्थानों, हाट-बाजार और मेलों में मोबाइल का विशेष ध्यान रखें। वहीं रास्ते में मोबाइल मिलने पर उसे अपने पास रखने के बजाय पुलिस को सौंपें।
पुलिस ने दुकानदारों और नागरिकों से बिना बिल और IMEI नंबर के मोबाइल नहीं खरीदने की भी अपील की है।




