दिल्ली । CRIME NEWS: नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में करीब दो साल के मासूम बच्चे की संदिग्ध हत्या से हड़कंप मच गया। एसएफएस फ्लैट्स स्थित एक पार्क में 30 वर्षीय आजरा नामक महिला अपनी गोद में 1 साल 9 माह के बच्चे हादी को लेकर बैठी मिली, जहां स्थानीय लोगों ने उसे बच्चे का गला दबाते हुए देखे जाने का दावा किया।
शोर मचने पर आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को महिला से छुड़ाया और तुरंत न्यू लाइफ अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक हादी अपने पिता आदिल के साथ पुराना सीलमपुर में रहता था और घटना के समय अपनी मां उजमा के साथ ननिहाल आया हुआ था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हत्या के कारणों की जांच के साथ परिवारजनों से पूछताछ जारी है।




