जांजगीर-चांपा: नवागढ़ में शिक्षिका ने प्राचार्य पर लगाया प्रताड़ना और वेतन घोटाले का आरोप

नवागढ़ (जांजगीर-चांपा)। नवागढ़ क्षेत्र से एक निजी स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप सामने आए हैं। JLD पब्लिक स्कूल खरताल की शिक्षिका गीता महंत ने स्कूल प्रबंधक पंकज कुमार देवांगन और प्राचार्य डॉक्टर शिव पूजन पांडे पर मानसिक प्रताड़ना, वेतन में हेराफेरी और बिना कारण नौकरी से निकालने का आरोप लगाया है।
पीड़ित शिक्षिका का कहना है कि वह 15 अगस्त 2021 से स्कूल में कार्यरत थीं और उन्हें 13,336 रुपये मासिक वेतन पर नियुक्त किया गया था। लेकिन वास्तविक रूप से उन्हें केवल 5,000 रुपये ही दिए जाते थे, जबकि शेष राशि वापस करने का दबाव बनाया जाता था। साथ ही पीएफ (Provident Fund) की राशि जमा करने का वादा भी किया गया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ।

शिक्षिका ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें शासकीय अवकाश के दिनों में भी काम करने के लिए मजबूर किया जाता था। विरोध करने पर मानसिक दबाव बनाया जाता था और लगातार प्रताड़ित किया जाता था। जब उन्होंने वेतन को लेकर सवाल उठाया, तो प्रबंधन की ओर से स्पष्ट कहा गया कि “5,000 रुपये में ही काम करना होगा।”
गीता महंत का आरोप है कि प्राचार्य द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और बिना किसी पूर्व सूचना या कारण बताए उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया। जब उन्होंने कारण पूछा तो उन्हें कथित तौर पर यह जवाब दिया गया कि “तुम्हें बताने की जरूरत नहीं है, जो करना है कर लो।”

इस पूरे मामले को लेकर शिक्षिका ने नवागढ़ थाना और विकासखंड शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय की मांग की है। फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग की जांच का इंतजार किया जा रहा है।




