
तिल्दा नेवरा।
नगर के वार्ड क्रमांक 14 रावणभाठा में एक पागल सांड के आतंक से क्षेत्रवासी दहशत में हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार सांड ने बीती रात कई लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिससे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा।
रहवासियों का कहना है कि सांड पिछले कई दिनों से क्षेत्र में खुलेआम घूम रहा है और राह चलते लोगों, बच्चों एवं बुजुर्गों पर हमला कर रहा है। इसके बावजूद अब तक संबंधित विभाग या नगर पालिका द्वारा उसे पकड़ने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि पागल सांड को तत्काल पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी की जान भी जा सकती है।
फिलहाल क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग घरों से निकलते समय सतर्कता बरतने को मजबूर हैं।




