
सारंगढ़। चंद्रपुर स्थित मां चंद्रहासिनी देवी के दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वाहन को तेज रफ्तार माजदा ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दुर्घटना में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में करीब 30 से 32 श्रद्धालु सवार थे। सभी श्रद्धालु महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें पटेरापाली, गाड़ाघाट सहित आसपास के इलाकों के लोग शामिल थे।
बताया गया कि श्रद्धालु चंद्रपुर पहुंचकर मां चंद्रहासिनी देवी के दर्शन करने के बाद पिकअप वाहन से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सारंगढ़ क्षेत्र में तेज रफ्तार माजदा ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की जानकारी सामने आई है, जबकि पांच गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। दुर्घटना किस वजह से हुई और इसमें लापरवाही किसकी रही, इसकी जांच की जा रही है। दर्दनाक हादसे के बाद श्रद्धालुओं के परिवारों और क्षेत्र में शोक का माहौल है।




