
रायपुर/गोबरा नवापारा।
गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्रा के पास शनिवार देर रात एक राहगीर को रोककर मारपीट और लूट की घटना सामने आई। आरोपियों ने रास्ता रोककर गाली-गलौज करते हुए चाकू, डंडे और हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित के वाहन में तोड़फोड़ कर मोबाइल फोन और नकदी लेकर आरोपी फरार हो गए।
रात करीब 1 बजे हुई वारदात
पुलिस के अनुसार ग्राम चिल्हाती, थाना पचपेड़ी, जिला बिलासपुर निवासी रोहित कुमार यादव (40) 29 अगस्त की रात अपने तूफान वाहन क्रमांक CG 04 QR 4710 से धमतरी जा रहे थे। रात करीब 1 बजे ग्राम कुर्रा के पास आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया और उनके साथ मारपीट की।
आरोपियों ने वाहन में तोड़फोड़ कर करीब 16 हजार रुपये का नुकसान पहुंचाया। इसके बाद मोबाइल फोन और नकदी रकम लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने 30 अगस्त को गोबरा नवापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पांच आरोपियों को पकड़ा
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी:
सागर साहू (22) — वार्ड नंबर 1, गोबरा बस्ती
चंदन यादव (19) — वार्ड नंबर 21, शीतलापारा नवापारा
टीकम साहू (19) — वार्ड नंबर 14, तर्री
मुकेश नगराची (19) — शीतलापारा नवापारा
घनश्याम निषाद (19) — खेलीपारा नवापारा
चार अपचारी बालक भी शामिल
पुलिस के मुताबिक घटना में चार विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल पाए गए हैं। उन्हें नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड, माना के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 126(2), 296, 115(2), 118(1), 351(2), 310(2), 324(4) एवं 111 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस घटना में इस्तेमाल चाकू, डंडे, मोबाइल फोन तथा अन्य साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
जांच जारी
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों तथा वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पतासाजी की जा रही है।




