
तिल्दा-नेवरा |
सहकारिता सप्ताह के अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, शाखा तिल्दा तथा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों तिल्दा और तुलसी में किसान हितैषी कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य किसानों को सहकारिता विभाग की योजनाओं, बैंकिंग सुविधाओं और कृषि से जुड़ी सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें अधिक से अधिक लाभान्वित करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, शाखा तिल्दा में ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद बैंक अधिकारियों ने उपस्थित किसानों को कृषि ऋण, फसल ऋण, बैंकिंग सेवाओं तथा सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही किसानों को समय पर ऋण भुगतान, आधुनिक कृषि पद्धतियों और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति तिल्दा एवं तुलसी में किसान सम्मेलन आयोजित कर किसानों को उर्वरक वितरण व्यवस्था, ऋण सुविधाओं, सहकारी योजनाओं तथा कृषि विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से समितियों के माध्यम से संचालित योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के शाखा प्रबंधक शोभाराम साहू, सहायक लेखापाल मनीष दुबे, तिल्दा समिति के अध्यक्ष मनहरण वर्मा, समिति प्रभारी भूवन साहू, सीईओ शशांक बल्लेवार, नरसिंग वर्मा, गुलाब आदिल, महेश शर्मा सहित बैंक एवं समिति के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में किसान और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को सहकारी व्यवस्था से जोड़ने, सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने तथा कृषि क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने का संदेश दिया गया।




